मौसम की करवट से तापमान में गिरावट, कई इलाकों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, तेज हवाएं (40 से 50 किमी प्रति घंटे) और वज्रपात की आशंका जताई गई है। खासतौर पर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर 5 अप्रैल को ओलावृष्टि भी हो सकती है। अगले 3 दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट संभव है।

मौसम के इस बदलाव के पीछे एक सक्रिय सिस्टम जिम्मेदार है। दरअसल, पश्चिम बंगाल से तेलंगाना तक फैला एक निम्न दबाव क्षेत्र छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रहा है, जो समुद्र तल से करीब 0.9 किमी ऊपर स्थित है। इसी के प्रभाव से प्रदेश में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर बना हुआ है।

बीते रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में भी मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

Exit mobile version