धरसींवा को मिली आधुनिक तहसील कार्यालय की सौगात: सीएम साय ने किया 66.20 लाख के नए भवन का लोकार्पण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के धरसींवा में नवनिर्मित आधुनिक तहसील कार्यालय का लोकार्पण किया। 66.20 लाख की लागत से बना यह सर्वसुविधायुक्त भवन प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में राज्य सरकार का एक बड़ा कदम है।

सुशासन का संकल्प: समय पर मिलेंगी सेवाएं

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन का असली अर्थ नागरिकों को उनकी जरूरत की सेवाएं बिना किसी बाधा के समय पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “धरसींवा का यह नया कार्यालय इसी संकल्प को साकार करता है। अब क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और प्रक्रियाओं में तेजी आएगी।”

एक ही छत के नीचे आधुनिक सुविधाएं

नया तहसील भवन तकनीकी रूप से उन्नत और नागरिक सुविधाओं से लैस है। इसमें निम्नलिखित महत्वपूर्ण इकाइयां शामिल की गई हैं। नायब नाजिर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, नकल शाखा, कानूनगो कक्ष और भू-अभिलेख शाखा। भवन में लोक सेवा केंद्र और आधार केंद्र की सुविधा भी दी गई है, ताकि नागरिकों के प्रमाण पत्र और पहचान संबंधी कार्य एक ही जगह पूर्ण हो सकें। स्वच्छ पेयजल और आगंतुकों के बैठने के लिए व्यवस्थित प्रतीक्षालय बनाया गया है।

प्रशासनिक ढांचे की मजबूती

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर निवेश कर रही है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा, संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Exit mobile version