धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना से जशपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार : सीएम साय

केंद्र सरकार ने विशेष रेल परियोजना के रूप में दी मंजूरी, पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा जशपुर

रायपुर। धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला जशपुर जिले सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से जशपुर के विकास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।

लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे जशपुर जिले को अब पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, वन संपदा और पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध जशपुर इस रेल परियोजना के माध्यम से देश के प्रमुख शहरों और आर्थिक केंद्रों से जुड़ सकेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही वनांचल क्षेत्रों के समग्र विकास को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को लगातार प्राथमिकता दे रही है।

रेल, सड़क, ऊर्जा और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। यह परियोजना आदिवासी अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि रेल लाइन शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और किसानों, व्यापारियों, युवाओं तथा आम नागरिकों को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि यह परियोजना जशपुर के विकास, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।

Exit mobile version