ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट: नारायणपुर में BSF कैंप डूबे, आरंग में 6 लोगों का रेस्क्यू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के चलते कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक औसत से करीब 3 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

हालांकि, मध्य भारत में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदेश में अच्छी बारिश की उम्मीद बनी हुई है।

बारिश के कारण नारायणपुर जिले में हालात बिगड़ गए। बाढ़ का पानी BSF कैंपों में घुस गया, जिससे कई जवानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जवानों ने कैंप की छतों और पेड़ों पर चढ़कर सुरक्षित रहने की कोशिश की।

बाद में रेस्क्यू टीम ने सभी जवानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस अभियान का वीडियो केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया।

वहीं, रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में भी बाढ़ जैसे हालात बने। निसदा गांव के निचले हिस्से में पानी भरने से एक परिवार के 6 सदस्य घर में फंस गए। SDRF की टीम ने मोटरबोट की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके अलावा रायगढ़-सारंगढ़ के बीच महानदी का जलस्तर बढ़कर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। दंतेवाड़ा में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ा है, जबकि कई अन्य जिलों में सड़क और पुल प्रभावित हुए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, रायपुर में भी रविवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रदेश में फिलहाल दो मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button