सुदूर अंचलों के श्रद्धालुओं को मिला अयोध्या धाम का सौभाग्य, मुख्यमंत्री ने कहा — यही जनसेवा की प्रेरणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया जिले के प्रवास के दौरान झुमका जलाशय परिसर में ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के अंतर्गत अयोध्या धाम की पावन यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का हाल-चाल जाना और उनकी यात्रा से जुड़े आध्यात्मिक अनुभवों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना।

श्रद्धालुओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से उन्हें निःशुल्क अयोध्या धाम के दर्शन का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सम्मानपूर्वक यात्रा की समुचित व्यवस्था किए जाने से यह यात्रा उनके लिए अत्यंत सहज, सुरक्षित और अविस्मरणीय बन गई। परिवहन, ठहरने, भोजन और मार्गदर्शन की बेहतर व्यवस्थाओं ने पूरे सफर को सुविधाजनक बनाया, जिससे श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति और आस्था में लीन रह सके।

श्रद्धालुओं ने यह भी बताया कि सुदूर और दुर्गम गांवों से अयोध्या तक पहुँचना उनके लिए पहले बेहद कठिन था, लेकिन सरकार की इस पहल ने उनके वर्षों पुराने सपने को साकार कर दिया। अपनी खुशी और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को ‘हमारे राम’ तैलचित्र भेंट कर आभार जताया।

Exit mobile version