LPG ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय को पीटा; बोला- ‘मेरा नाम रिहान खान है, कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा’, पुलिस ने भेजा जेल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

मामूली विवाद के बाद एक युवक ने एचपी गैस ऑफिस के भीतर घुसकर डिलीवरी बॉय की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी सरेआम कानून को चुनौती देते हुए अपनी पहचान बताकर धमकी देता नजर आ रहा है।

साइड देने को लेकर हुआ था विवाद

पूरी घटना 11 मार्च की है। पीड़ित राजा अग्रवाल, जो प्रियदर्शनी एचपी गैस में डिलीवरी बॉय है, अपने ऑटो से गैस सिलेंडर सप्लाई करने जा रहा था। सुभाष चौक के पास बाइक सवार रिहान खान से साइड देने को लेकर उसकी मामूली कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो राजा वहां से अपने ऑफिस चला गया, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए ऑफिस तक जा पहुंचा।

ऑफिस में घुसकर की मारपीट और दी धमकी

गैस ऑफिस के भीतर आरोपी ने कर्मचारियों के सामने ही राजा अग्रवाल पर हमला कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि रिहान ने डिलीवरी बॉय को थप्पड़ जड़ा और फिर लात-घूंसों से पीटने लगा।

जब ऑफिस स्टाफ ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा— “जाओ मेरे खिलाफ शिकायत कर दो, मेरा नाम रिहान खान है, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।”

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

डिलीवरी बॉय की शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की लोकेश न ट्रेस की और उसे जिला पंचायत के पास छोटे अतरमुड़ा से धर दबोचा।

आरोपी रिहान खान (23 वर्ष) ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले और सरेआम धमकी देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version