भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के मूल्यांकन हेतु वित्तीय एवं बीमा संस्थाओं से मंथन

रायपुर। रायपुर में गुरुवार को राज्यसभा सांसद डोला सेन की अध्यक्षता में वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के मूल्यांकन तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। यह बैठक समिति के 10 से 12 जून तक चल रहे अहमदाबाद, रायपुर और भुवनेश्वर अध्ययन दौरे का हिस्सा है।

बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, निर्यात-आयात और आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। समिति का उद्देश्य संबंधित हितधारकों और अधिकारियों से सुझाव प्राप्त कर एक व्यापक एवं तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार करना है, जिससे भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाया जा सके।

चर्चा का प्रमुख केंद्र कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यातकों को उपलब्ध वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं और बीमा सेवाओं का विस्तार रहा। इस दौरान पंजाब नेशनल बैंक ऑफ इंडिया, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया, नेशनल बैंक ऑफ एग्रीकल्च्र एंड रूरल डेव्हल्पमेंट के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।

प्रतिनिधियों ने निर्यातकों को दी जा रही वित्तीय सेवाओं, ऋण योजनाओं, जोखिम प्रबंधन व्यवस्था और बीमा सुविधाओं की जानकारी दी। समिति ने किसानों और उद्यमियों के लिए वित्तीय सहायता की पहुंच आसान बनाने तथा भारतीय कृषि उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया।

बैठक में सांसद अमरा राम, रेणुका चौधरी सहित कई सांसद उपस्थित रहे। सदस्यों ने कृषि निर्यात को बढ़ावा देने, वित्तीय एवं बीमा सुविधाओं का विस्तार करने और भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती देने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। समिति की यह पहल कृषि क्षेत्र के निर्यातकों, किसानों और उद्यमियों के लिए नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

Exit mobile version