दुर्ग। जिले के थाना अंडा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार गुटखा, पैकेजिंग सामग्री और निर्माण में उपयोग होने वाली मशीनें जब्त की गई हैं।
पुलिस के अनुसार थाना अंडा और एसीसीयू की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुथरेल और अंडा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गुटखा निर्माण और पैकेजिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों स्थानों पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान बिना किसी वैधानिक अनुमति के गुटखा निर्माण का कार्य होते पाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाले तंबाकू मिश्रण, रसायन, पैकेजिंग सामग्री, विभिन्न ब्रांडों के रैपर, मशीनें तथा बड़ी मात्रा में तैयार और अर्द्धनिर्मित उत्पाद जब्त किए। पुलिस ने मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के निवासी भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना अंडा में अपराध क्रमांक 63/2026 और 64/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 3(5) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह अवैध कारोबार आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था और तैयार उत्पादों को बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर की गई इस कार्रवाई से अवैध गुटखा कारोबार को बड़ा झटका लगा है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों, मादक पदार्थों और अन्य अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की गई है।
