राज्यसभा चुनाव: 26 में से 23 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, खड़गे और पवन खेड़ा भी पहुंचे सदन

दिल्ली। 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव में 23 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनमें भाजपा के 12, कांग्रेस के 5, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के 3, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का 1, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) का 1 और जनसेना पार्टी का 1 उम्मीदवार शामिल है। शेष तीन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा।

निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग प्रमुख पवन खेड़ा प्रमुख नाम हैं। कर्नाटक से कांग्रेस को तीन सीटें मिली हैं, जबकि एनडीए को एक सीट हासिल हुई है।

इस चुनाव में भाजपा को गुजरात और मध्यप्रदेश में बढ़त मिली है। गुजरात की चारों सीटों और मध्यप्रदेश की तीनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इससे भाजपा को कुल दो अतिरिक्त सीटों का लाभ हुआ है। मध्यप्रदेश में पहले दो सीटें भाजपा और एक कांग्रेस के पास थी, जबकि गुजरात में तीन सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में थी।

मध्यप्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से सीट छीनी गई है। उनका कहना है कि कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन मामूली आपत्ति पर रद्द कर दिया गया, जबकि दूसरे उम्मीदवारों को त्रुटियां सुधारने का अवसर दिया गया।

राज्यसभा की कुल 245 सदस्यीय संरचना में फिलहाल एनडीए के पास 147 सांसद हैं, जबकि विपक्ष के पास 67 और अन्य क्षेत्रीय दलों के पास 28 सदस्य हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावों के बाद भी राज्यसभा में सत्ता और विपक्ष के बीच शक्ति संतुलन में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 18 जून को होने वाले मतदान के बाद राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

Exit mobile version