कैबिनेट सचिव ने राज्यों के साथ की समीक्षा, छत्तीसगढ़ की नियद नेल्लानार और आजीविका मिशन की सराहना
रायपुर। भारत सरकार के कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने गुरुवार को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक की।
बैठक में राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील नवा रायपुर से इस बैठक में शामिल हुए।
कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट सचिव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बेहतर समन्वय से ही राष्ट्रीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी राज्यों से विभिन्न योजनाओं के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बच्चों के पोषण और शिक्षा, अपार आईडी, आंगनबाड़ी प्रबंधन, आरोग्य मंदिर, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम जनमन योजना तथा पेंशन योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न राज्यों में इन योजनाओं की प्रगति और चुनौतियों की भी समीक्षा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली नीति आयोग की राष्ट्रीय बैठक और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित की जाने वाली री-नीट परीक्षा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए राज्यों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आकांक्षी जिलों में किए गए कार्यों तथा बस्तर क्षेत्र में संचालित नियद नेल्लानार योजना के तहत प्राप्त उपलब्धियों का विशेष उल्लेख किया गया। राज्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक पहलों को सकारात्मक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सचिव, सभी राज्यों के मुख्य सचिव तथा वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्यों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देना रहा।
