ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

देशभर में अपराध 6% घटे: NCRB रिपोर्ट में राहत, महिलाओं और SC-ST के खिलाफ क्राइम में भी कमी

रायपुर। एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट में देशभर में अपराध के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में कुल अपराधों की संख्या 6 फीसदी कम हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में जहां 62.41 लाख मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2024 में यह आंकड़ा घटकर 58.85 लाख रह गया।

रिपोर्ट के अनुसार, अपराध दर यानी प्रति एक लाख आबादी पर दर्ज मामलों की संख्या में भी कमी आई है। 2023 में यह दर 448.3 थी, जो 2024 में घटकर 418.9 हो गई। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि देश में कुल अपराध और अपराध दर दोनों में गिरावट आई है।

हत्या के मामलों में भी कमी दर्ज की गई है। साल 2024 में देशभर में 27,049 हत्या के केस दर्ज हुए, जो 2023 की तुलना में 2.4 फीसदी कम हैं। NCRB के मुताबिक हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह आपसी विवाद रही। इसके अलावा बदला, दुश्मनी और लालच जैसे कारण भी सामने आए।

महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। 2024 में महिलाओं के खिलाफ 4.41 लाख मामले दर्ज हुए, जबकि 2023 में यह संख्या 4.48 लाख थी। महिलाओं के खिलाफ अपराध दर भी 66.2 से घटकर 64.6 हो गई।

अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के खिलाफ अपराधों में भी कमी देखने को मिली। SC वर्ग के खिलाफ अपराध के मामलों में 3.6 फीसदी की गिरावट आई है।

2024 में 55,698 मामले दर्ज हुए, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 57,789 था। वहीं ST वर्ग के खिलाफ अपराधों में सबसे ज्यादा 23.1 फीसदी की कमी दर्ज की गई। 2024 में ऐसे 9,966 मामले सामने आए, जबकि एक साल पहले यह संख्या 12,960 थी।

रिपोर्ट में चोट और मारपीट से जुड़े मामलों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। ‘हर्ट’ श्रेणी के केस 6.36 लाख से घटकर 4.41 लाख रह गए, यानी इनमें 30 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है।

Related Articles

Back to top button