सीएम साय से राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस बने अधिकारियों की सौजन्य भेंट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य प्रशासनिक सेवा एवं एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के व्यापक अवसरों और बड़ी जिम्मेदारियों का प्रतीक है। यह पद शासन और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें।

उन्होंने कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं तभी सफल मानी जाएंगी, जब उनका सीधा लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सक्रिय, सकारात्मक और जवाबदेह कार्यशैली से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करना प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपनी प्रतिभा, अनुभव और समर्पण से प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर आईएएस में नियुक्त तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार टिकरिहा, ऋषभ पाराशर और तरुण किरण उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Exit mobile version