ड्राई वेदर का असर, रायपुर-जगदलपुर सबसे गर्म: तापमान 30° पार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क (ड्राई) बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में अगले 5 दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड का असर बना रहेगा।
बीते 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रायपुर और जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से थोड़ा अधिक बताया जा रहा है। दिन के समय हवा की गति बेहद कम रहने से गर्मी का असर ज्यादा महसूस हुआ और आसमान पूरी तरह साफ रहा।
मौसम विभाग ने रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। खासकर सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है, जबकि दोपहर में गर्मी बढ़ेगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल किसी नए पश्चिमी विक्षोभ या बारिश की प्रणाली के सक्रिय न होने से मौसम में बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसलिए आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।





