रायपुर। रायपुर के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक परिसर में सोमवार को ‘सहकारी सप्ताह’ का भव्य समापन हुआ।
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता एवं वन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने बैंक परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया और बैंक के संस्थापक पं. वामन बलीराम लाखे के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।
उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए ई-पैक्स, त्रिभुवन सहकारिता विश्वविद्यालय, अन्न गोदाम श्रृंखला, कॉमन सर्विस सेंटर और भारत टैक्सी जैसी योजनाओं की जानकारी दी।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपेक्षा व्यास ने बताया कि बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 216 करोड़ रुपए का ऐतिहासिक सकल लाभ अर्जित किया है।
उन्होंने बताया कि बैंक से जुड़ी 682 सहकारी समितियों और 98 डेयरी समितियों में माइक्रो एटीएम संचालित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा 12 जन औषधि केंद्र, 32 नागरिक सेवाओं वाले कॉमन सर्विस सेंटर और उज्ज्वला योजना के तहत गैस वितरण जैसी सुविधाएं भी सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित हो रही हैं।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश में पैक्स, डेयरी और मत्स्य पालन सहित करीब 1300 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है।
उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को मात्रा नहीं, गुणवत्ता वाली खेती पर ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में सहकार भारती के प्रदेश महामंत्री कनीराम, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, जिला सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सहकारी संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहे।
