रायपुर। रायपुर के तिल्दा क्षेत्र स्थित मोजो मशरूम फैक्ट्री में एक बार फिर विवाद ने तूल पकड़ लिया। शनिवार, 9 अगस्त की रात, मशरूम की सब्जी मांगने पर सुपरवाइजर ने कर्मचारी से गाली-गलौज और मारपीट की। घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है।
पीड़ित कर्मचारी मयंक वर्मा के अनुसार, ड्यूटी खत्म होने के बाद वह खाना लेने गया और सुपरवाइजर आशिक से मशरूम मांगा। आशिक ने देने से मना कर पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया, फिर रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में मयंक के दाहिने हाथ की हथेली में चोट आई, जबकि उसके साथी भी घायल हुए। आरोप है कि सुपरवाइजर के साथ उसके साथी भी हमले में शामिल थे।
मामले में पुलिस ने सुपरवाइजर आशिक और अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) के तहत दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि लगभग एक माह पहले इसी फैक्ट्री में प्रशासन ने बंधक बनाए गए 97 मजदूरों को रेस्क्यू किया था। उस समय कंपनी पर आरोप था कि मजदूरों से 18 घंटे काम कराया जाता था और उन्हें कच्चा खाना दिया जाता था। घटना के बाद चार ठेकेदारों पर भी FIR दर्ज हुई थी।
घटना की शिकायत वार्ड क्र. 15 बंगोली निवासी मयंक वर्मा ने दर्ज कराई। उसने बताया कि सुबह की ड्यूटी पूरी करने के बाद दोबारा मशरूम मांगने पर विवाद बढ़ा और शाम करीब 4:30 बजे वह अपने साथी डिगेंद्र के साथ सुपरवाइजर से बात करने पहुंचा। इस दौरान आशिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रॉड से हमला किया।
हमले में मयंक के हाथ और डिगेंद्र के सिर, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की गहन जांच में जुटी है।