रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह इलाके में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस के पूर्व पार्षद राकेश धोतरे पर एक व्यक्ति की निजी जमीन की बाउंड्रीवॉल तोड़कर उसे हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाउंड्रीवॉल ढहाकर किया अवैध कब्जा
श्याम नगर तेलीबांधा निवासी पीड़ित अनिल बालानी (55) ने पुलिस को बताया कि शंकर नगर स्थित उनकी 0.251 हेक्टेयर जमीन पर वह साल 2006 से काबिज हैं। उन्होंने विधिवत रजिस्ट्री और नामांतरण के बाद तहसील से सीमांकन भी कराया था। आरोप है कि 2 मार्च 2026 को जब वे अपनी जमीन पर पहुंचे, तो वहां की बाउंड्रीवॉल टूटी हुई मिली। पूछताछ में पता चला कि पूर्व पार्षद राकेश धोतरे ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर दीवार गिरवा दी और जमीन पर कब्जा कर लिया है।
‘जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता’
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इस संबंध में राकेश धोतरे से बात की, तो आरोपी ने जमीन को 60 साल पुराना अपना कब्जा बताते हुए धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर कहा, “बाउंड्रीवॉल मैंने ही तोड़ी है, तुम्हें जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उन्हें आर्थिक नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ ‘देख लेने’ की धमकी भी दी है।
खम्हारडीह पुलिस ने अनिल बालानी की रिपोर्ट पर राकेश धोतरे के खिलाफ धारा 324(5), 329, और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब इस मामले में राजस्व दस्तावेजों की जांच कर रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। राजधानी में रसूखदारों द्वारा जमीन कब्जाने के बढ़ते मामलों के बीच इस FIR ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है।
