रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 13 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हालांकि इस बदलाव के बावजूद लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। यानी दिन में गर्म हवाओं और उमस का असर बना रहेगा।
सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम शुष्क रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि दोपहर और शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं। इसी वजह से कहीं-कहीं तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। लोगों को दोपहर के समय धूप और लू से बचने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
