जल संकट पर कांग्रेस का निगम दफ्तर घेराव: 1KM दूर से पानी लाने को मजबूर लोग

रायपुर। राजधानी में गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस और स्थानीय लोगों ने नगर निगम के जोन-8 कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। गुढियारी, अशोक नगर, बजरंग चौक और आसपास के इलाकों में लंबे समय से पानी की किल्लत बनी हुई है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-19 सहित कई बस्तियों में हालात गंभीर बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके की अधिकांश बोरिंग सूख चुकी हैं और टैंकर की सप्लाई भी बेहद कम है। मजबूरी में लोगों को पीने का पानी तक करीब एक किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम पानी जैसी बुनियादी जरूरत को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन कागजों में व्यवस्था बेहतर दिखा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। हरितवाल ने सवाल उठाया कि जब नागरिकों से पानी का टैक्स लिया जा रहा है, तो पर्याप्त सप्लाई क्यों नहीं हो रही।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने भी कहा कि जल संकट का असर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और कामकाज पर पड़ रहा है। लोगों को दिनभर पानी के इंतजार में घर पर रहना पड़ता है, जिससे उनकी आय पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले एक महीने से स्थिति और खराब हो गई है। टैंकर समय पर नहीं पहुंचते और पहुंचने पर भी सभी घरों तक पानी नहीं मिल पाता। इससे घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।





