मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों को मिलेगी राहत; शादी-ब्याह और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए नहीं करना होगा महंगे निजी स्थलों का खर्च
जशपुर। जशपुर शहर के लोगों को सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से बने पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
शहर के मध्य में बने इस भवन में शादी-ब्याह, जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
निजी मैरिज हॉल और टेंट पर खर्च से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से खासकर मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों के लिए महंगे निजी स्थलों और टेंट पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। शहर के बीचोंबीच सुविधा मिलने से लोगों को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उपयुक्त स्थान भी उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। सामुदायिक भवन केवल आयोजनों का स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचें। नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अधोसंरचना तैयार की जा रही है।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, IG दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और SSP डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
