बस्तर ओलंपिक के लिए नारायणपुर में 63 हजार युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

पिछले साल से 15 हजार ज्यादा प्रतिभागी; वन मंत्री केदार कश्यप ने युवा उत्सव और खेल प्रतियोगिताओं का किया शुभारंभ

नारायणपुर। बस्तर ओलंपिक को लेकर युवाओं में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। नारायणपुर जिले में इस साल करीब 63 हजार युवाओं ने प्रतियोगिता के लिए पंजीयन कराया है। पिछले साल यह संख्या 48 हजार थी। यानी एक साल में प्रतिभागियों की संख्या करीब 31 प्रतिशत बढ़ गई है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को नारायणपुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव और विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का शुभारंभ किया।

इस आयोजन के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। इस बार बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाओं और जिला स्तरीय युवा उत्सव में 9 विधाओं को शामिल किया गया है।

हार-जीत से ज्यादा खेल भावना जरूरी

मंत्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक और युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच दे रहे हैं। खेल में हार और जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग है। उन्होंने युवाओं से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और गांव, जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की।

कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार 15 हजार अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया है। यह क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि का संकेत है।

रस्साकसी से हुई प्रतियोगिताओं की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं की पारंपरिक रस्साकसी से हुई। इसके बाद 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ कराई गई। पहले दिन कबड्डी, खो-खो, दौड़, रस्साकसी, फुटबॉल और तीरंदाजी समेत विभिन्न खेलों में ग्रामीण क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version