कॉमेडियन अनुदीप कटिकला गिरफ्तार, डिप्टी सीएम पवन कल्याण पर टिप्पणी के बाद विवाद

प्रयागराज। साउथ के स्टैंड-अप कॉमेडियन अनुदीप कटिकला को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। आंध्र प्रदेश पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर काकीनाडा ले गई है। अनुदीप अपने परिवार से मिलने प्रयागराज आए हुए थे, तभी पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर उन्हें पकड़ा।
कॉमेडियन पर आरोप है कि उन्होंने अपने एक स्टैंड-अप वीडियो में पवन कल्याण की तीन शादियों पर मजाक किया। इसके साथ ही उन्होंने उनकी भतीजी निहारिका कोनिडेला के तलाक को लेकर भी टिप्पणी की, जिसे लेकर विवाद बढ़ गया। निहारिका का 2023 में तलाक हुआ था और अनुदीप ने मजाक में कहा था कि ऐसे मामलों में वह अपने चाचा से सलाह ले सकती हैं।
इस बयान के बाद पवन कल्याण की पार्टी जन सेना के समर्थकों ने कड़ी आपत्ति जताई। 11 अप्रैल को काकीनाडा टाउन पुलिस स्टेशन में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कॉमेडियन ने परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाया और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया।
पुलिस के मुताबिक, अनुदीप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के साथ आईटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। उन पर मानहानि, महिला की गरिमा का अपमान और ऑनलाइन आपत्तिजनक सामग्री फैलाने के आरोप लगे हैं।
परिवार के अनुसार, आंध्र प्रदेश पुलिस 14 अप्रैल की शाम प्रयागराज पहुंची और एक पार्क से उन्हें हिरासत में लिया। पहले स्थानीय थाने ले जाया गया, फिर ट्रेन से काकीनाडा रवाना किया गया। पुलिस ने संकेत दिया है कि मामले में अधिकतर धाराएं जमानती हैं और आगे की कार्रवाई काकीनाडा में की जाएगी।
विवाद के बीच अनुदीप ने पहले सफाई देते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं, बल्कि सामाजिक मुद्दों पर व्यंग्य करना था।





