रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को रायपुर कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने की।
उन्होंने योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, ऋण वितरण, सब्सिडी की स्थिति और लगाए गए सोलर रूफटॉप सिस्टम की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैंकवार लक्ष्य की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को ऋण देने और सब्सिडी जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। समयबद्ध तरीके से सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएं, ताकि आम लोगों को योजना का त्वरित लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान भारतीय स्टेट बैंक की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को योजना को गंभीरता से लेने और आम जनता को सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बैंकों की भूमिका इस योजना की सफलता में बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. सिंह ने अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव और वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित कर लोगों को योजना के बारे में जानकारी दी जाए।
साथ ही आवेदन प्रक्रिया, तकनीकी स्वीकृति, ऋण स्वीकृति और सब्सिडी वितरण में अनावश्यक विलंब न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी बैंक और संबंधित विभाग हर सप्ताह अपनी प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे, जिससे योजना की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एलडीएम मोहम्मद मोफिज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बिजली विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
