सुशासन तिहार में CM विष्णुदेव साय पहुंचे चंदागढ़: बरगद की छांव में लगी जनचौपाल, ग्रामीणों से सीधे संवाद

जशपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत जशपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गांव में उतरते ही लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।

इसके बाद वे पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम भैंसामुड़ा पहुंचे, जहां बजरंग बली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने गांव के बीच बरगद के विशाल पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि 1 मई से 10 जून तक चलने वाले सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके।

जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने राशन, पेयजल, बिजली, पटवारी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” सुमिला कोरवा और पुष्पलता चौहान से भी बातचीत की। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 8 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चंदागढ़ और भैंसामुड़ा के विकास के लिए सामुदायिक भवन, मिनी स्टेडियम, सीसी रोड निर्माण और बच्चों के लिए क्रिकेट किट व यूनिफॉर्म देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को सामुदायिक भवन के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्रहण, चरण पादुका योजना, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सुशासन का असली उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Exit mobile version