दिल्ली। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दे दी है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। प्राथमिक और रेफरल, दोनों लैब में जांच के दौरान बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सीवेज के पानी या दूषित पाइपों के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकता है। इसकी मौजूदगी पानी की स्वच्छता पर सवाल खड़े करती है। इससे पहले गोवा में भी बिसलेरी के पानी के सैंपल में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) जैसे रसायन मिले थे। उस मामले में भी कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई थी।
बिसलेरी के एक बैच की बिक्री पर लगाई रोक
FSSAI ने जलपाईगुड़ी स्थित बिसलेरी प्लांट से बैच नंबर PB 201 का सैंपल लिया था। इस बैच का उत्पादन 20 जुलाई 2026 को हुआ था और इसकी एक्सपायरी डेट 19 जनवरी 2027 थी। दो अलग-अलग लैब में बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। यह कार्रवाई फिलहाल कंपनी के इसी बैच पर की गई है।
देशभर में पैकेज्ड पानी की जांच
FSSAI के CEO राजित पुनहानी के मुताबिक, देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल लिए जा रहे हैं। इनकी जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य कंपनियों से खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन कराना है, न कि लोगों में डर फैलाना।
प्राधिकरण ने सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग और मिनरल वाटर की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
बिसलेरी बोली- जांच में सहयोग करेंगे
कंपनी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है। बिसलेरी के मुताबिक, उत्पादन के दौरान पानी की गुणवत्ता की 10 चरणों में 90 से ज्यादा बार जांच की जाती है। कंपनी ने कहा है कि वह FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करेगी और पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।
