सुशासन तिहार के प्रदेशव्यापी दौरे पर निकले CM विष्णुदेव साय: योजनाओं के क्रियान्वयन का लेंगे फीडबैक

रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “सुशासन तिहार” के तहत रविवार से अपने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री रायपुर पुलिस लाइन हेलीपेड से रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत कुमार बंसल भी मौजूद रहे।

राज्य शासन द्वारा शुरू किए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करना और सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का फीडबैक लेना है। मुख्यमंत्री अलग-अलग जिलों और गांवों का दौरा कर लोगों से मुलाकात करेंगे। साथ ही योजनाओं के लाभ, समस्याओं और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सीधे जानकारी लेंगे।

सरकार का कहना है कि सुशासन तिहार के जरिए प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री खुद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देंगे।

उल्लेखनीय है कि “सुशासन तिहार” अभियान की शुरुआत 1 मई से हुई है, जो 10 जून तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी क्षेत्रीय दौरे कर योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहले भी कई बार यह कह चुके हैं कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी कड़ी में यह अभियान बेहद अहम माना जा रहा है।

राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी इस अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए सरकार सीधे जनता के बीच जाकर विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था का आकलन करेगी।

Exit mobile version