सुशासन तिहार में CM साय के सख्त तेवर: शिकायत मिलते ही सहायक आयुक्त सस्पेंड

कोरिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सुशासन तिहार के दौरान सख्त प्रशासनिक रुख देखने को मिला। सौम्य छवि वाले मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले में आयोजित चौपाल के दौरान लापरवाही की शिकायत मिलने पर सहायक आयुक्त सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए।
जानकारी के मुताबिक, सहायक आयुक्त के खिलाफ कार्य में लापरवाही और शिकायतों के कई मामले सामने आए थे। चौपाल में लोगों ने भी उनकी कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई।
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य समय पर पूरे कराए जाएं, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ बिना देरी मिले।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। परीक्षा परिणाम अपेक्षानुसार नहीं आने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया और कलेक्टर को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए ठोस रणनीति के साथ काम किया जाना चाहिए।
चौपाल में मुख्यमंत्री ने आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के सख्त तेवरों से साफ संकेत मिला कि सरकार लापरवाही और खराब प्रदर्शन को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।





