CM साय का जापान दौरा: छत्तीसगढ़ निवेश और नवाचार की ओर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जापान दौरे का दूसरा दिन बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने टोक्यो में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर आयोजित डीप स्पेस – टू द मून एंड बियॉन्ड प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समृद्ध अनुभव राजनांदगांव में भारत सरकार के सहयोग से बनने जा रहे अंतरिक्ष निर्माण क्लस्टर को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री साय इन दिनों एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना है। टोक्यो में 22–24 अगस्त तक प्रतिनिधिमंडल जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों से मुलाकात कर रहा है। इसके बाद 25–26 अगस्त को ओसाका में वर्ल्ड एक्सपो 2025 में वे हिस्सा लेंगे, जबकि 27–29 अगस्त तक सियोल में निवेशक गोलमेज बैठकें और सेक्टर-विशेष संवाद आयोजित होंगे।

वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पवेलियन राज्य की संस्कृति, औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, आईटी और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दुनिया के सामने पेश करेगा। अधिकारियों के अनुसार यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत और भविष्य की आकांक्षाओं की झलक होगी।

मुख्यमंत्री साय इस यात्रा के दौरान निवेशकों और व्यापार संघों से सीधा संवाद कर दीर्घकालिक साझेदारियां स्थापित करने, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार में सहयोग बढ़ाने और इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा व स्टार्टअप्स में निवेश आकर्षित करने पर जोर देंगे। यह पहल छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश का नया गंतव्य बनाने और राज्य के आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस दौरे में मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव रजत कुमार, सचिव राहुल भगत और सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।