ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय ने श्रम विभाग की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में श्रम विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की रजत जयंती और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर किया गया है। श्रम विभाग द्वारा 12 से 19 सितम्बर तक प्रदेशभर के सभी जिलों में 55 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, श्रमिक पंजीयन और नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

श्रमिकों के कौशल विकास के लिए भी विशेष कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। महासमुंद, बिलासपुर और राजनांदगांव जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जबकि अन्य जिलों में इसकी तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने श्रमिकों के लिए सुरक्षा संबंधी सामग्री और विभिन्न विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी को बारीकी से देखा। इस दौरान कर्मचारी राज्य बीमा सेवाओं द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया और श्रम कल्याण मंडल की ओर से श्रमिकों को निःशुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया।

श्रमिक महासम्मेलन में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को करोड़ों रुपये की राशि सीधे खातों में अंतरित की गई। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के माध्यम से 1.77 लाख से अधिक श्रमिकों को 58.32 करोड़ रुपये, असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल से 3,839 श्रमिकों को 4.77 करोड़ रुपये तथा श्रम कल्याण मंडल से 3,332 श्रमिकों को 2.06 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई।

इन योजनाओं में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, श्रमिक औजार सहायता योजना, सिलाई मशीन सहायता योजना और सायकल सहायता योजना शामिल हैं। सभी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जमा की गई।

Related Articles

Back to top button