Chhattisgarh

ISRO चीफ से सीएम साय ने की मुलाकात; छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएगी टीम, तकनीकी का मिलेगा सहयोग

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से 20 फरवरी गुरूवार को नई दिल्ली में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने मुलाक़ात की। इस मुलाकात में छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष तकनीकी के उपयोग से कृषि और अन्य क्षेत्रों में नवाचारों को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, जल संसाधन, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तकनीकी नवाचारों से राज्य को लाभ होगा। इसरो के सहयोग से इन क्षेत्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कार्य किए जाएंगे, जिससे किसानों को बेहतर जानकारी मिल सकेगी और राज्य के विकास को गति मिलेगी।

इसरो का विशेषज्ञ दल जल्द ही छत्तीसगढ़ का दौरा करेगा और सैटेलाइट इमेजरी, जीआईएस तकनीक और डेटा विश्लेषण के जरिए मृदा स्वास्थ्य, जल स्रोतों का आकलन, बाढ़ और सूखे की भविष्यवाणी जैसी चीजों का अध्ययन करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसरो के सहयोग से छत्तीसगढ़ को अत्याधुनिक स्पेस टेक्नोलॉजी का लाभ मिलेगा। इसके जरिए कृषि, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, नगर नियोजन और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस पहल से राज्य में तकनीकी प्रगति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और युवा वैज्ञानिकों को भी नवाचारों में योगदान देने का मौका मिलेगा।

Related Articles

Back to top button