ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

PM मोदी के माफी बयान पर अभिजीत दीपके का सवाल,क्या प्रदर्शनकारियों पर दर्ज केस भी वापस होंगे

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उन छात्रों को माफ करने वाले बयान के बाद अब राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शनिवार को पीएम मोदी के बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को भी वापस लेगी।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर उनके और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले छात्रों को माफ करने की बात कही थी। पीएम मोदी ने कहा था कि बच्चों से गलतियां हो जाती हैं और उन्हें सुधारने का मौका मिलना चाहिए।

पीएम मोदी के इस बयान के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि अगर प्रधानमंत्री खुद बच्चों को माफ करने की बात कह रहे हैं, तो क्या सरकार भी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों पर इसी तरह का रुख अपनाएगी।

रुचिका सिंह ने वीडियो जारी कर मांगी माफी

वहीं, जंतर-मंतर पर पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने के मामले में चर्चा में आई छात्रा रुचिका सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रुचिका हाथ जोड़कर अपने बयान पर खेद जताती नजर आ रही हैं।

वीडियो में रुचिका ने कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थीं। वहां छात्रों का प्रदर्शन चल रहा था और आसपास मौजूद कुछ लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह भीड़ और माहौल के प्रभाव में आ गईं।

रुचिका के खिलाफ नोएडा में 30 जुलाई को मामला दर्ज किया गया था। वायरल वीडियो 23 जुलाई का बताया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा था- भटके बच्चों को माफ करना चाहता हूं

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो में कहा था कि कुछ शरारती बच्चों ने उन्हें और उनकी मां को भद्दी गालियां दीं, लेकिन बचपन में गलतियां हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि ये बच्चे भटके हुए हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाने का समय है।

पीएम मोदी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे देखा।

Related Articles

Back to top button