ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM साय ने ‘सियान गुड़ी’ का किया शुभारंभ: बुजुर्गों संग कैरम खेल बढ़ाया हौसला, एक छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्याधुनिक डे-केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर उनका हौसला बढ़ाया और आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर वरिष्ठजन काफी उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों को फूड बास्केट वितरित किए और शॉल, श्रीफल व धार्मिक पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में एकल परिवार और व्यस्त जीवनशैली के कारण कई बुजुर्ग दिनभर अकेलेपन का सामना करते हैं, जिसका असर उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। ऐसे में ‘सियान गुड़ी’ जैसी पहल बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र बुजुर्गों के लिए सम्मान, सुरक्षा और सक्रिय जीवन का नया मंच बनेगा। यहां वे दिनभर सुरक्षित माहौल में समय बिताते हुए नई ऊर्जा प्राप्त कर सकेंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की और इसे एक आदर्श मॉडल बताया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और खुशहाल जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो सामाजिक समरसता को भी मजबूत करेगी।

जशपुर के रणजीता स्टेडियम के पीछे स्थित इस केंद्र में योग, प्राणायाम, स्वास्थ्य जांच, फिजियोथैरेपी, टेलीमेडिसिन, मनोरंजन, कौशल विकास और डिजिटल साक्षरता जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। साथ ही पुस्तकालय, रीडिंग कॉर्नर, व्हीलचेयर सुविधा, दिव्यांग अनुकूल शौचालय और सामुदायिक गतिविधियों के लिए हॉल भी बनाया गया है।

यहां प्रतिदिन 6 से 8 घंटे तक बुजुर्गों के लिए योग, भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह चर्चा और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 14567 और 155326 के जरिए तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button