फरहीन को पढ़ाई जारी रखने का भरोसा, तीन बच्चों के इलाज के लिए भी दिए निर्देश; 83 साल के परसराम को मिला श्रवण यंत्र
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में जरूरतमंदों की समस्याएं सुनकर तत्काल मदद की। आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पा रहे तीन लोगों को कुल 55 हजार रुपए के चेक दिए।
इनमें ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित सात वर्षीय बच्चे की थेरेपी के लिए 40 हजार रुपए की सहायता शामिल है। इसके अलावा गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बच्चे की थेरेपी पर हर महीने 40 हजार का खर्च
रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आवान ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है।
उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपए खर्च होते हैं। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद आरिफ के पास रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार चलाने के साथ बेटे की थेरेपी का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। मुख्यमंत्री ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए का चेक दिया।
पाटन निवासी ज्ञानेश कुमार साहू को पेट संबंधी बीमारी के इलाज के लिए 10 हजार रुपए और रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए की सहायता दी गई।
पिता के कैंसर इलाज में खत्म हुई जमा पूंजी, फरहीन को मदद का भरोसा
जशपुर से मां के साथ पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया।
अब परिवार के सामने घर गिरवी रखने तक की नौबत है। आर्थिक संकट के कारण फरहीन की पढ़ाई भी मुश्किल हो रही है। मुख्यमंत्री ने उसे पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
पार्थ और छयांश के इलाज के निर्देश
राजनांदगांव की पूर्णिमा साहू ने तीन वर्षीय बेटे पार्थ के इलाज के लिए मदद मांगी। प्रीमैच्योर जन्म के बाद पार्थ को दो महीने अस्पताल में रखना पड़ा था। अब उसे मोतियाबिंद की समस्या है और लेंस प्रत्यारोपण में लाखों रुपए खर्च होने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री ने उसके बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं, रायपुर के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले ने छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मदद मांगी।
पत्नी के निधन के बाद वे बुजुर्ग मां और बहन के सहयोग से बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण छयांश का ऑपरेशन नहीं करा पा रहे थे। मुख्यमंत्री ने तत्काल उपचार की व्यवस्था करने को कहा।
30 साल बाद साफ सुन सके 83 वर्षीय परसराम
कोरबा के 83 वर्षीय परसराम राठौर पिछले 30 साल से कम सुनने की समस्या से परेशान थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र और आंखों की जांच के बाद चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भाटापारा के बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनदर्शन में मिले आवेदनों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने और जरूरतमंदों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाने के निर्देश दिए।
