मुख्यमंत्री ने किया जांजगीर में नए तहसील कार्यालय का लोकार्पण

142 साल बाद जांजगीर को मिला नया तहसील भवन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जांजगीर में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। यह भवन 4.21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। खास बात यह है कि जांजगीर को 142 साल बाद नया तहसील भवन मिला है। इससे पहले अंग्रेजी शासन में 1883 में बना तहसील भवन ही उपयोग में था।

मुख्यमंत्री साय सुशासन तिहार के अंतर्गत औचक दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि जनता को सरकारी सेवाएं सरल और समय पर मिलें। यह नया तहसील भवन इसी दिशा में एक बड़ी पहल है।

यह भवन 54 गांवों और 24 पटवारी हल्कों के लोगों को एक ही छत के नीचे राजस्व और प्रशासन से जुड़ी सेवाएं देगा। इसमें लोक सेवा केंद्र, नजीर शाखा, निर्वाचन शाखा, कानूनगो शाखा, और मालजमादार कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही, यहां तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारियों के लिए आधुनिक दफ्तर बनाए गए हैं।

इस ऐतिहासिक मौके पर वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, विधायक व्यास कश्यप, पूर्व विधायक सौरभ सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यकला मिरी और कई वरिष्ठ अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

Exit mobile version