रेत तस्करी विवाद में भाजपा नेता और भाई की मौत: फॉर्च्यूनर में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत तस्करी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को उनकी फॉर्च्यूनर कार में जिंदा जलाकर मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेत कारोबार से जुड़े लोगों ने घर के सामने खड़ी कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना में उनके भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह भी गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलाज के दौरान अंबिकापुर में उनकी मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, नौगई रेत घाट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। भरत सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने रेत घाट का ठेका लिया था। इसी को लेकर भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से उनका विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोग भरत सिंह के घर पहुंचे।

आरोप है कि हमलावरों ने फॉर्च्यूनर कार के सामने डंपर खड़ा कर दिया और वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कार में भरत सिंह, उनके भाई नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात कोरिया पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि रेत घाट को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका था। पुलिस अवैध रेत खनन, पुरानी रंजिश और विवाद के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version