महाराष्ट्र के नासिक में बादल फटने की चेतावनी, त्र्यंबकेश्वर मंदिर बंद; रत्नागिरी में लैंडस्लाइड से मकान ढहा

मुंबई। महाराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। नासिक और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। नासिक जिले में 300 मिमी तक बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं, भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने त्र्यंबकेश्वर मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया है।

मौसम विभाग ने नासिक क्षेत्र में बादल फटने जैसी स्थिति की आशंका भी जताई है। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, मकान का हिस्सा ढहा

भारी बारिश का असर रत्नागिरी जिले में भी देखने को मिला। यहां शेलारवाड़ी इलाके में बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा गिरने से लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में आने से एक मकान का हिस्सा ढह गया। हादसे के बाद एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में भी बारिश का कहर

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। थथरी इलाके में पानी के साथ पत्थर और मलबा रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच गया, जिससे कई मकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है। सड़कों पर मलबा जमा होने से आवाजाही प्रभावित हुई।

वहीं, राजस्थान के जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर में भी तेज बारिश दर्ज की गई। जोधपुर में बारिश के बाद हाईवे पर पानी भर गया। गुजरात, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कई हिस्सों में भी भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

Exit mobile version