किराए के मकान में चल रही थी महुआ शराब की फैक्ट्री: 70 लीटर शराब और 480 किलो लाहन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर के पटपरिया इलाके में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक किराए के मकान में छापा मारकर महुआ शराब बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया। मौके से 70 लीटर महुआ शराब और 480 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त से पहले अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी दौरान विभाग को पटपरिया इलाके में एक किराए के मकान में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान टीम ने पाया कि मकान के एक कमरे में आठ भट्ठियों पर महुआ शराब तैयार की जा रही थी। वहीं, दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक के डिब्बों में बड़ी मात्रा में महुआ लाहन रखा हुआ था।

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने 70 लीटर तैयार महुआ शराब और 480 किलो महुआ लाहन बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त सामग्री का उपयोग लंबे समय से अवैध शराब के निर्माण में किया जा रहा था।

मौके से अर्जुन कुजुर नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version