अन्नामलाई की नई पार्टी को शुरुआती समर्थन का दावा: 10 घंटे में 10 लाख रजिस्ट्रेशन, भाजपा उपाध्यक्ष ने भी दिया इस्तीफा

चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई की नई राजनीतिक पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ ने लॉन्च होते ही राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।

अन्नामलाई ने दावा किया है कि पार्टी की शुरुआत के महज 10 घंटे के भीतर 10 लाख से अधिक लोगों ने संगठन से जुड़ने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इसे लेकर उन्होंने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि यह केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि तमिलनाडु के भविष्य को लेकर लोगों की साझा सोच और जनआंदोलन है।

अन्नामलाई ने कहा कि राज्य में पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित राजनीति की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में युवाओं, पेशेवरों और आम नागरिकों ने उनकी नई पहल को समर्थन दिया है। पार्टी का उद्देश्य तमिलनाडु की राजनीति में एक नया विकल्प प्रस्तुत करना है।

गौरतलब है कि अन्नामलाई ने 2 जून को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उनके इस्तीफे की चिट्ठी शुक्रवार को सार्वजनिक हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी नई राजनीतिक यात्रा का ऐलान किया, जिसे लेकर तमिलनाडु की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

अन्नामलाई के समर्थन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पत्रकारों से बातचीत में नागराजन ने कहा कि उन्होंने और भाजपा के कई नेताओं ने अन्नामलाई के नेतृत्व का समर्थन करने का निर्णय लिया है। उनके अनुसार, अन्नामलाई के पास राज्य के लिए एक स्पष्ट दृष्टि और मजबूत नेतृत्व क्षमता है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई का यह कदम तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बना सकता है। यदि पार्टी को शुरुआती समर्थन जारी रहता है, तो आगामी चुनावों में यह राज्य की प्रमुख राजनीतिक ताकतों के लिए चुनौती बन सकती है।

फिलहाल, नई पार्टी के गठन और बड़ी संख्या में सदस्यता दावों ने तमिलनाडु के राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है और सभी दलों की नजरें अब अन्नामलाई की अगली रणनीति पर टिकी हुई हैं।

Exit mobile version