ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में निकाय-पंचायत चुनाव की घोषणा: 1 जून को वोटिंग, 4 जून को आएंगे नतीजे; 18 मई तक भर सकेंगे नामांकन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और पंचायतों के आम तथा उप चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। दोनों चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे। मतदान 1 जून 2026 को होगा, जबकि मतगणना और परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया 11 मई से शुरू होगी। उम्मीदवार 11 मई से 18 मई तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं, उम्मीदवार 21 मई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।

आयोग के मुताबिक, चुनाव में 10 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए प्रदेशभर में सैकड़ों मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। आयोग ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।

निकाय और पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब सभी की नजरें टिकट वितरण और नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button