जनजातीय गौरव दिवस पर वित्त मंत्री ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, सांस्कृतिक दलों को 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा
रायपुर। वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार की मोहताज नहीं होती। जशपुर के युवा बड़े सपने देखें और लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत करें। छोटे से गांव का विद्यार्थी भी आईएएस और आईपीएस बन सकता है। वे गुरुवार को जशपुर के सरना एथेनिक रिजॉर्ट, बालछापार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज के महानायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। जनजातीय वीरों ने देश की आजादी, संस्कृति और स्वाभिमान के लिए बड़ा बलिदान दिया है।
छोटे गांव से निकलकर 22 साल में बना IAS
युवाओं को प्रेरित करते हुए चौधरी ने अपने जीवन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वे खुद छोटे से गांव से निकलकर महज 22 साल की उम्र में आईएएस बने। जब चौथी कक्षा तक पढ़ी मां अपने बेटे को आईएएस बनने की प्रेरणा दे सकती हैं, तो जशपुर के बच्चे भी कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर और इंजीनियर बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रयास विद्यालयों में आईआईटी, मेडिकल, सीए और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। वहीं, सिविल सेवा की तैयारी के लिए चयनित जनजातीय विद्यार्थियों को दिल्ली में रहने और पढ़ने के लिए करीब साढ़े तीन से चार लाख रुपए तक की सहायता दी जाती है।
जशपुर में मेडिकल कॉलेज और नालंदा परिसर
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज, जशपुर में नालंदा परिसर और वनवासी कल्याण आश्रम में एनटीपीसी के सीएसआर से आधुनिक अस्पताल का निर्माण महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में उन्होंने जनजातीय सैनिकों के परिजनों, समाज प्रमुखों, पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत तीन महिलाओं को स्वरोजगार के लिए एक से दो लाख रुपए तक के ऋण के प्रतीकात्मक चेक भी दिए।
स्थानीय जनजातीय संस्कृति और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक सांस्कृतिक दल को 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा की। समारोह में विधायक रायमुनी भगत ने कुरुख बोली में गीत प्रस्तुत कर बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों को याद किया।
