‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्यशाला में बच्चों ने कार्टून कला से उकेरी विकास और संस्कृति की तस्वीर

जगदलपुर। बस्तर की सकारात्मक छवि, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जगदलपुर के एक निजी होटल में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया।
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कला व्यक्ति के विचारों और भावनाओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह तथा बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने लाइव डेमो देकर विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीक सिखाई।
साथ ही उन्होंने कला के सामाजिक महत्व, रचनात्मक संभावनाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी भी साझा की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और जनजातीय संस्कृति जैसे विषयों पर आकर्षक कार्टून बनाकर नए बस्तर की विकास यात्रा को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
समापन अवसर पर कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने वन मंत्री और महापौर का कैरिकेचर भेंट किया, जबकि विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।





