ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्य सचिव ने की रेल परियोजनाओं की समीक्षा, कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन समेत प्रदेश की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश में संचालित विभिन्न रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में विशेष रूप से कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना के निर्माण कार्यों, तकनीकी पहलुओं और तय समयसीमा पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न स्तरों पर कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

मुख्य सचिव विकासशील ने परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेल नेटवर्क के विस्तार से प्रदेश में औद्योगिक विकास, व्यापार और यातायात सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने से स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।

बैठक में रेल परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्य और समन्वय से जुड़े विषयों पर प्रस्तुति दी।

इस दौरान सचिव वाणिज्य एवं उद्योग विभाग एवं रेल परियोजनाएं रजत कुमार, विशेष सचिव मुख्यमंत्री सचिवालय एवं आयुक्त जनसंपर्क तथा संचालक खनिज विकास निगम रजत बंसल सहित वित्त विभाग और रेलवे कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button