मुख्यमंत्री साय 23 सितंबर को करेंगे 51 महतारी सदनों का लोकार्पण, धमतरी को 246 करोड़ की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 सितंबर को धमतरी जिले के ग्राम करेलीबाड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 51 महतारी सदनों का लोकार्पण करेंगे। यह सदन मातृशक्ति को समर्पित किए जाएंगे। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री धमतरी जिले को 245 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत वाले विकास और निर्माण कार्यों की भी सौगात देंगे।

इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री राम विचार नेताम और टंकराम वर्मा अतिविशिष्ट अतिथि रहेंगे। वहीं सांसद रूप कुमारी चौधरी एवं भोजराज नाग, विधायक अजय चंद्राकर और जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा भी मौजूद रहेंगे।

धमतरी जिले में महतारी सदन निर्माण योजना के तहत अब तक 4 महतारी सदन ग्राम पंचायत भेंड्री, मेधा, खरेंगा और करेलीबाड़ी में बनाए गए हैं। महतारी सदनों का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है। यहां महिलाएं सामुदायिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियों में सहभागिता कर सकेंगी।

सरकार ने प्रथम चरण में वर्ष 2024-25 में 202 महतारी सदनों के लिए 50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। प्रत्येक सदन लगभग 2500 वर्गफुट में 24.70 लाख की लागत से बना है, जिसमें हॉल, कमरा, किचन, स्टोर, दुकान, बाउंड्रीवाल, प्रसाधन और बोरवेल शामिल हैं। इस योजना से 2 लाख महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य वर्चुअल रूप से जुड़े हुए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ी यह पहल महिलाओं को सशक्त बनाकर विकास की मुख्यधारा में लाने का प्रयास है। दूसरे चरण में वर्ष 2025-26 के लिए 166 महतारी सदनों हेतु 50 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इनमें प्रत्येक सदन पर 30 लाख की लागत आएगी।

Exit mobile version