रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुशासन तिहार 2026 के तहत बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सकारात्मक सोच, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में राजस्व, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार जैसे मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना और राजस्व अभिलेखों के अद्यतन कार्यों में तेजी लाने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने बारिश शुरू होने से पहले अधिकतम स्वीकृत आवासों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत वर्ष 2027 तक प्रदेश में 5 लाख सौर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य को मिशन मोड में पूरा करने पर जोर दिया।
खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों को खाद-बीज की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने और नैनो यूरिया तथा नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। महिला स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने, कुपोषण उन्मूलन, स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती और जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, डिजिटल सेवाओं, शिक्षा की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसी भावना के साथ सभी अधिकारियों को कार्य करना होगा।
