रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हैदराबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में निवेश की संभावनाओं, उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री साय ने श्री सरवाना मिल्स प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णासामी से भेंट कर छत्तीसगढ़ में वस्त्र उद्योग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने राज्य में उपलब्ध संसाधनों, औद्योगिक वातावरण और निवेश के लिए सरकार की नीतियों की जानकारी दी।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने रामकी ग्रुप के चेयरमैन अयोध्या रामी रेड्डी से मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में औद्योगिक एवं अवसंरचनात्मक क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी, संसाधनों और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण का उल्लेख किया।
क्लीन हार्बर्स इंडिया एलएलपी के अध्यक्ष अविनाश सम्रित से मुलाकात के दौरान ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और सेवा क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर बातचीत हुई। वहीं, सीएसआर एस्टेट्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं एमडी सी. शेखर रेड्डी के साथ रियल एस्टेट और शहरी विकास परियोजनाओं में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने पेज इंडस्ट्रीज के प्रोजेक्ट हेड फणीश राव से भी मुलाकात की। इस दौरान वस्त्र एवं परिधान उद्योग के माध्यम से रोजगार के नए अवसरों को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा डिनशॉज डेयरी फूड्स प्रा. लि. के वाइस प्रेसिडेंट खुशरू बुहारिवाला और डोडला डेयरी के प्रबंध निदेशक सुनील रेड्डी से मुलाकात कर डेयरी प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश और विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन के संत कृष्ण स्वामी जी और सुख स्वामी जी से भी सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में 650 बिस्तरों वाले चैरिटेबल अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। संगठन शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
