StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन स्थित स्वर्गीय श्रीमती रजनी ताई उपासने के निवास पहुँचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रजनी ताई के योगदानों को याद किया और शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, श्री संतोष शर्मा, श्री जगदीश उपासने सहित अन्य परिजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रजनी ताई का निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के कठिन दौर में उन्होंने जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनता के हितों और रायपुर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी सादगी, ईमानदारी और समाज से गहरे जुड़ाव ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई। वे विशेष रूप से महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर सक्रिय रहीं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का हाल ही में 92 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर उन्होंने इतिहास रचते हुए रायपुर की पहली महिला विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। उस समय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बहुत सीमित थी, और जनता का विश्वास जीतना उनके साहस, संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक था।

रजनी ताई का जीवन और कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके समर्पण, जनसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में अपूरणीय शून्य उत्पन्न हुआ है, जिसे याद करते हुए नागरिकों और नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Back to top button