अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह राठौड़ के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह राठौड़ के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि महावीर सिंह राठौड़ ने अपने सार्वजनिक जीवन में सादगी, समर्पण और समाजसेवा की भावना के साथ कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महावीर सिंह राठौड़ का पूरा जीवन जनहित, संगठनात्मक कार्यों और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा। वे अपने सरल स्वभाव, सौम्य व्यवहार और कर्मठ व्यक्तित्व के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान रखते थे। उनके कार्यों और विचारों ने कई लोगों को प्रेरित किया।

सीएम साय ने कहा कि महावीर सिंह राठौड़ के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने सहकारिता और सामाजिक क्षेत्र में जो योगदान दिया, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

Exit mobile version