UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने दी बधाई, वीडियो कॉल के जरिए युवाओं से किया संवाद, उज्ज्वल भविष्य की कामना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की यह सफलता प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी रौनक अग्रवाल, रायपुर निवासी संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव तथा एमसीबी जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह से बातचीत की। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों के परिवारजनों से भी संवाद कर इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आप सभी ने कड़ी मेहनत, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि न केवल आपके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं का सिविल सेवा में चयन होना यह दर्शाता है कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हमारे युवा अपने परिश्रम और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे युवाओं को यह संदेश मिलता है कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा करेंगे तथा देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।





