रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव का ऐलान कर दिया गया है। प्रदेशभर में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर नई टीम के गठन के लिए 29 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद युवा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए 29 मई से 13 जून तक नामांकन भरे जाएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के पदों के लिए 11 जून से 13 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे। नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से एक साथ संचालित होगी।
युवा कांग्रेस चुनाव में हिस्सा लेने और सदस्य बनने के लिए उम्र सीमा 18 से 35 साल तय की गई है। आवेदन करने वाले युवाओं को अपना लाइव फोटो, वोटर आईडी कार्ड और उम्र संबंधी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
इसके अलावा आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उम्मीदवारों को 8 सेकेंड का वीडियो भी अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। वीडियो में आवेदक को अपना परिचय और आवेदन से जुड़ी जानकारी देनी होगी।
चुनाव में “एक व्यक्ति-एक पद” का नियम भी लागू रहेगा। यानी कोई भी उम्मीदवार केवल एक पद के लिए ही नामांकन दाखिल कर सकेगा। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि नामांकन दाखिल करते ही उम्मीदवार अपने पुराने पद से स्वतः मुक्त माना जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे अहम पदों पर नियुक्ति राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद होगी। इसके लिए उम्मीदवारों का दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने इंटरव्यू भी लिया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बार चुनाव के साथ सदस्यता अभियान को भी बड़ा लक्ष्य बनाया गया है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
