‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी थीम; मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ, सारंग टीम का एयर शो और देशभर के कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 साल पूरे होने पर तीन दिवसीय राज्योत्सव-2026 का शुभारंभ रविवार से होगा।
नवा रायपुर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में 1 से 3 नवंबर तक प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, विकास और उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी।
इस बार आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। शुभारंभ समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि होंगे। 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रमों की अध्यक्षता करेंगे, जबकि 3 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समापन समारोह में शामिल होंगे।
45 से अधिक स्टॉल में दिखेगी प्रदेश की विरासत
राज्योत्सव परिसर में विभिन्न विभागों के करीब 30 और अन्य संस्थानों के 15 सहित 45 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां छत्तीसगढ़ की लोककला, पारंपरिक गहनों, मंदिरों की कलात्मक झलकियों और हस्तशिल्प का प्रदर्शन होगा।
शिल्पग्राम में ढोकरा कला और बेलमेटल की कलाकृतियां भी आकर्षण रहेंगी। राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का एयर शो भी होगा।
बदलते बस्तर की दिखेगी तस्वीर
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी लगाएगा। इसमें बस्तर में शांति, पर्यटन और रोजगार के बढ़ते अवसरों के साथ वन्यजीव संरक्षण की पहल दिखाई जाएगी।
कांगेर घाटी की जंगल सफारी, पुष्पाल घाटी, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, तुंगल डैम और धुड़मारास के होमस्टे के मॉडल प्रदर्शित होंगे। बारनवापारा में काले हिरण की वापसी, औरापानी में गिद्ध संरक्षण और प्रदेश के पहले रामसर स्थल कोपरा जलाशय की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके अलावा राजकीय पशु वन भैंसा, राजकीय वृक्ष साल और राजकीय पक्षी पहाड़ी मैना सहित जैव विविधता की झलक देखने को मिलेगी। 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किए जाएंगे।
