स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम, बिल्हा देश में नंबर-1; रायपुर-बिलासपुर को भी पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

इनमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के मामले में राज्य में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों व आयुक्तों ने पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदेश में स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रयासों और बदलते नगरीय प्रबंधन का प्रमाण हैं। छोटे शहर बिल्हा का देश में पहला स्थान हासिल करना विशेष रूप से गर्व की बात है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नागरिकों की साझा मेहनत का परिणाम है। बिल्हा की उपलब्धि बताती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी से छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल बन सकते हैं।

समारोह में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version